सऊदी अरब के मदीना के पास सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मक्का से मदीना जा रही उमरा यात्रियों से भरी बस की टक्कर एक डीजल टैंकर से हो गई। इस भयानक टक्कर के बाद बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 42 भारतीय यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हुआ और मृतकों में अधिकांश हैदराबाद, तेलंगाना के रहने वाले थे, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

राहत एवं बचाव कार्य पूरी रात जारी रहे। स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। कई यात्रियों की पहचान आग की वजह से मुश्किल बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद भारतीय दूतावास सक्रिय हुआ और 24×7 कंट्रोल रूम के साथ हेल्पलाइन नंबर 8002440003 जारी कर दिया गया है।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उन्होंने दो ट्रैवल एजेंसियों से यात्रियों की सूची लेकर भारतीय दूतावास और अधिकारियों के साथ साझा की है। ओवैसी ने दावा किया कि ‘शायद बस में सिर्फ एक यात्री जीवित बचा हो’, परंतु इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्री से पीड़ितों के शव भारत लाने और घायलों के इलाज की व्यवस्था करने की अपील की है।

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट कर हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों को पूरी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी हादसे को लेकर शोक जताया है और राज्य सरकार को विदेश मंत्रालय एवं सऊदी अधिकारियों से संपर्क रखने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया ताकि पीड़ित परिवारों से सीधे संपर्क किया जा सके.

यह हादसा सऊदी अरब में उमरा यात्रियों के लिए एक बड़े सदमे की तरह है और प्रशासन राहत एवं सहायता कार्य में लगातार जुटा हुआ है। मौके पर पहुंची आपातकालीन टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और प्रशासन विस्तृत जानकारी जुटा रहा है।

By News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *